सहारनपुर। कोतवाली मंडी की खाताखेड़ी पुलिस चौकी से हेड कांस्टेबल बागपत निवासी विनोद कुमार को एंटी करप्शन की टीम ने 15 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। वह विवेचना में नाम न बढ़वाने के एवज में रिश्वत मांग रहा था। टीम ने थाना सदर बाजार में आरोपी हेड कांस्टेबल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
एंटी करप्शन प्रभारी जसपाल सिंह ने बताया कि कोतवाली मंडी क्षेत्र में खाताखेड़ी स्थित फैसल टाउन निवासी इमरान ने थाने में मंगलवार को शिकायत की थी।
शिकायतकर्ता ने बताया था कि उसके भाई फैजान का नाम मुकदमा अपराध संख्या 76/2026 में धारा 190, 191(2), 115(2), 351(3) बीएनएस की विवेचना में न बढ़ाने के लिए हेड कांस्टेबल विनोद कुमार द्वारा 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है। इस पर शिकायतकर्ता ने 15 हजार रुपये होने की बात कही थी। तीन मार्च से हेड कांस्टेबल विनोद कुमार लगातार फोन कर रहे थे। परेशान होकर शिकायतकर्ता ने पुलिस लाइन स्थित एंटी करप्शन थाने में शिकायत की। टीम ने प्री-ट्रैप जांच की, जिसमें आरोपी द्वारा रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।