सहारनपुर। हाथरस में बिटिया के साथ हुई दरिंदगी के खिलाफ संगठनों में रोष है। जगह जगह बैठकें करके हाथरस कांड के आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की गई।
विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने जेल चुंगी से लेकर अस्पताल चौक तक मोमबत्ती जलाकर मौन मार्च निकाला। विहिप के महानगर ममंत्री सचिन मित्तल ने कहा कि इस मामले में दोषियों को शीघ्र सख्त सजा दी जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो। इस दौरान प्रांत उपाध्यक्ष परमेंद्र बंसल, महानगर अध्यक्ष शिवकुमार गौड़, सह मंत्री चिराग गुप्ता, अनुज शर्मा, शिवा गांधी, हर्षित चौधरी, आयुष चौधरी, सावन टांक, मिथुन, भव्य और वरुण आदि मौजूद रहे।
उधर, देहरादून रोड पर बसपा कार्यालय पर बैठक में बसपा नेताओं ने कहा कि प्रदेश में बहन बेटियां भी सुरक्षित नहीं हैं। इसका प्रमाण हाथरस, बलरामपुर, बुलंदशहर और फतेहपुर में हुई घटनाएं हैं। बिगड़ती कानून व्यवस्था और लोगों में पनपे अविश्वास को देखते हुए योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री के पद से हटाया जाए। इस दौरान बसपा सांसद हाजी फजलुर्रहमान, पूर्व विधायक जगपाल सिंह, उत्तराखंड प्रभारी नरेश गौतम, जिलाध्यक्ष योगेश कुमार, जिला पंचायत अध्यक्ष के पति माजिद चौधरी, एस आलम, राव बाबर, जनेश्वर प्रसाद, पूर्व विधायक महिपाल माजरा, नवीन खटाना, इमरान मलिक आदि मौजूद रहे।
वहीं, ओजपुरा में बसपा पार्षद शिखा बेनीवाल के आवास पर हुई बैठक में हाथरस की बिटिया को इंसाफ दिलाने की मांग की और श्रद्धांजलि अर्पित की गई। चेतावनी दी कि अगर पीड़िता को इंसाफ नहीं दिया जाता है तो सड़कों पर आकर आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान साजो रानी, रविदास मंदिर समिति के उपाध्यक्ष रामकुमार, राममेहर जयंत, निश्चय बैनीवाल, स्वराज सिंह, राजपाल सिंह, मिथलेश, सतीश कुमार, मुनेश कुमार, बिट्टू वाल्मीकि और राजबीर वाल्मीकि आदि मौजूद रहे। वहीं, अखिल भारतीय अनुसूचित जाति एवं जनजाति कर्मचारी कल्याण संघ के पदाधिकारियों ने भी ऑनलाइन बैठक करके हाथरस कांड पर रोष जताया। बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामेहर जयंत, जिला संरक्षक विजयपाल, जिला महासचिव रणधीर सिंह ने प्रदेश में बढ़ते अपराध पर चिंता जताई और आरोपियों को शीघ्र फांसी की सजा दिलाने की माऔंग की गई। बैठक में वेदपाल, सीताराम मौर्य, हेमा, सुलेखचंद, प्रवेश कुमार, पवन कुमार और किशोर गौतम आदि शामिल रहे।
इसके अलावा न्यू नवीनगर में संविधान बचाओ ट्रस्ट की बैठक हुई, जिसमें हाथरस कांड पर पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों और प्रदेश सरकार के रवैये की निंदा की गई। प्रकरण में डीएम और एसएसपी के खिलाफ केस दर्ज कराकर सीबीआई से जांच कराने की मांग की। बैठक में ट्रस्ट के संयोजक एडवोकेट राजकुमार, सुमित कुमार बौद्ध, शमशेर सिंह गौतम, शशिकांत, अवनीश कुमार आदि रहे।
-- आम आदमी पार्टी ने दिया धरना
सहारनपुर। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने हकीकतनगर स्थित धरनास्थल पर एक दिवसीय उपवास रखा और धरना दिया। जिलाध्यक्ष आदित्य गर्ग ने कहा कि जिले की सभी तहसीलों पर धरना दिया गया है। प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। योगी आदित्यनाथ से प्रदेश संभल नहीं रहा है। हाथरस की बिटिया की मौत होने पर कानून और परंपराओं को ताक पर रखकर आधी रात के बाद पुलिस अंतिम संस्कार करा देती है। धरने पर आम आदमी पार्टी के प्रदेश सचिव मनीष सिंह, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य योगेश दहिया, जितेंद्र शर्मा, उमर जैदी, दिनेश कुमार शर्मा, इसरार खान, हाजी शाह आलम, विशालचंद, कुलदीप, हरपाल और अहमद मुबारक मौजूद रहे।