जिला पंचायत की बैठक में हंगामा।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर में जिला पंचायत की बोर्ड बैठक में जमकर हंगामा हुआ। कई बार सदस्य आमने-सामने आ गए, जिनमें जमकर नोकझोंक हुई। प्रतिनिधियों को बैठक से बाहर रखने की मांग कर रहे सदस्य कार्रवाई में उनके नहीं बोलने पर सहमत हुए।
इससे पहले हंगामा शांत न होता देख सीडीओ को यह तक कहना पड़ा कि मैं जा रहा हूं खुद ही निपटा लो। अंतत: बैठक में सात करोड़ के प्रस्ताव मांगे गए, जिनमें से ज्यादातर शौचालयों और पेयजल से संबंधित रहे।
सदस्यों ने तीन दिन पहले डीएम को शिकायती पत्र सौंपा था। जिसमें जिला पंचायत की बोर्ड बैठक सीडीओ की देखरेख में होने की मांग की गई थी। आरोप था कि जिला पंचायत अध्यक्ष पति बैठक में मौजूद रहकर सदस्यों के साथ बदसलूकी करते हैं। यह भी कहना था कि अध्यक्ष खुद कुछ नहीं बोलती हैं। केवल उनके पति सब कुछ करते हैं।
सदस्यों की मांग पर बुधवार को हुई बोर्ड बैठक में सीडीओ संजीव रंजन मौजूद रहे। शिकायत के बावजूद कई सदस्यों के प्रतिनिधि बैठक में पहुंचे, जिनपर कड़ा एतराज सदस्यों ने जताया, मगर उनके बैठक में न बोलने की बात पर सहमति बनी।
बैठक में पांच सूत्रीय एजेंडे पर चर्चा की गई। सदस्यों के बीच जमकर नोकझोंक हुई। सदस्यों ने सभी को बराबर काम और कार्ययोजना फाइनल करने की मांग की।