नानौता/गंगोह/खेड़ा अफगान। पंजाब में बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए जिले से लगातार राहत सामग्री भेजी जा रही है।
नानौता में चेयरपर्सन पति अफजाल खान ने अपने आवास पर आयोजित कार्यक्रम में जमीयत उलेमा-ए-हिंद के प्रतिनिधिमंडल को तीन लाख 43 हजार रुपये सहयोग के रूप में सौंपे। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष मौलाना उवैस सिद्दीकी, मौलाना तनवीर हैदर, कारी आस मोहम्मद, हाफिज मसूद अहमद, कारी जरीफ अहमद आदि रहे। गंगोह नगर पालिका के सफाई नायक कुलदीप कुमार ने बताया कि सभी सफाई कर्मचारियों ने सामर्थ्य अनुसार अपने वेतन से धन एकत्रित कर राहत सामग्री खरीदी। यह सामग्री दैदनोर गुरुद्वारे के माध्यम से सेवादारों द्वारा पंजाब स्थित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में भेजी जाएगी। इस दौरान शहनवाज पीरजी, बिजेंद्र उर्फ फन्दी, सतीश भगतजी, बॉबी, दीपक कुमार, मन्नू आदि ने सहयोग दिया।
खेड़ा अफगान में अस्तित्व समूह अध्यक्ष साबिर मलिक ने बताया कि करीब तीन टन राहत सामग्री भेजी गई है। इसमें सौ किट तैयार की गई हैं, जिसमें जरूरत का सभी सामान जैसे आटा, चावल, दाल, चीनी, तिरपाल, चटाई, रस्सी, रिफाइंड, बिस्किट, सूखा दूध आदि हैं। गाड़ी को ग्राम प्रधान खेड़ा अफ़गान ओमीपाल व अंबेहटा चेयरमैन प्रतिनिधि नईम मलिक ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।