सहारनपुर। हस्तशिल्प क्षेत्र में नए उद्यमियों को तैयार करने के उद्देश्य के साथ हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन परिषद ने आनलाइन के माध्यम से चेम्स यानी सर्टिफिकेट कोर्स इन हैंडीक्राफ्ट एक्सपोर्ट मैनेजमेंट की पढ़ाई कराने का निर्णय लिया है। इसके तहत रविवार को परामर्श सत्र का आयोजन किया गया।
हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन परिषद के महानिदेशक राकेश कुमार और आसिफ ने बताया कि परामर्श सत्र के दौरान 55 उम्मीदवारों ने आनलाइन जुड़कर चेम्स के पाठ्यक्रम के बारे में जानकारी ली। पाठ्यक्रम की डीन रीता नाहटा ने पढ़ाए जाने वाले विषयों और समय के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि कोरोना काल में पाठ्यक्रम आनलाइन पढ़ाने पर युवाओं को काफी लाभ मिलेगा। महानिदेशक ने बताया कि इस कोर्स को सफलतापूर्वक करने के बाद युवा हस्तशिल्प निर्यात को अपना व्यवसाय भी बना सकते हैं। हस्तशिल्प क्षेत्र को बढ़ाने में अपना योगदान करेंगे। इससे भारतीय हस्तशिल्प निर्यात नई उचाईयों को छुएगा। उन्होंने बताया कि पाठ्यक्रम को विभिन्न सत्रों में बांटा जाएगा। ताकि छात्र अपने समय अनुसार पाठ्यक्रम से जुड़ पाएं।