सहारनपुर। पूर्व एमएलसी हाजी इकबाल की पत्नी फरीदा बेगम ने एक बार फिर से मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजा है। आरोप लगाया कि साजिश के तहत उन्हें फंसाया गया है। मामले की सीबीआई से जांच कराई जाए। यदि शिकायत झूठी पाई जाती है तो कुर्की की कार्रवाई के लिए तैयार हैं।
मिर्जापुर पोल गांव निवासी फरीदा बेगम ने पत्र में बताया कि मिर्जापुर थाने के पूर्व एसओ ने दस्तावेजों में छेड़छाड़ कर उनकी जमीन को अपनी पत्नी के नाम करा दिया। इसके अलावा शाहपुर गाडा और शफीपुर गांव के भी कई लोगों ने उनकी जमीन पर कब्जा कर रखा है। इसमें कई पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। कई बार अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ मुकदमे दर्ज करा दिए गए। फरीदा बेगम ने मांग करते हुए कहा कि पूरे मामले की सीबीआई से जांच कराई जाए, जिससे सच्चाई सामने आ सके। उच्च स्तरीय जांच के बाद उनका परिवार हर कार्रवाई के लिए तैयार है। फरीदा बेगम ने जिलाधिकारी मनीष बंसल और और एसएसपी को भी शिकायती पत्र भेजा है।