सहारनपुर। फरार चल रहे पूर्व एमएलसी हाजी इकबाल की पत्नी फरीदा ने कुछ लोगों पर जमीन कब्जाने का आरोप लगाया है। आरोप है कि 25 दिसंबर को टांडा फतेहपुर गांव में उनकी जमीन से जबरन पेड़ काटकर कब्जा कर लिया गया। फरीदा ने मुख्यमंत्री को शिकायत भेजकर सीबीसीआइडी जांच कराने की मांग की है।
मुख्यमंत्री को भेजे गए ज्ञापन में मिर्जापुर निवासी फरीदा ने बताया कि उनकी जमीन पर पिछले दो साल से भू-माफिया और पुलिसकर्मी कब्जा कर रहे हैं। कई बार इसकी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही। आरोप है कि इसमें पुलिस अधिकारी भी शामिल है। मिर्जापुर थाने के तत्कालीन एसओ ने अपनी पत्नी के नाम पर 60 बीघा जमीन की रजिस्ट्री कराई और एक सब इंस्पेक्टर ने नौकर के नाम पर 31 बीघा जमीन की जबरदस्ती रजिस्ट्री करा ली।
आरोप है कि बादशाही बाग चौकी में तैनात एक कांस्टेबल ने दबाव देकर एक अन्य व्यक्ति के नाम पर 22 बीघा जमीन गांव टांडा में कराई। अब भी डरा-धमकाकर रजिस्ट्री कराई जा रही है। 25 दिसंबर को भी एक व्यक्ति ने पुलिस के साथ मिलकर उनकी जमीन से पेड़ कटवा दिए और कब्जा कर लिया। इसमें स्थानीय पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी शामिल है।