क्वार्टर फाइनल में पहुंची ज्ञानकलश और आशा मॉडर्न स्कूल की टीमें
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। नालंदा वर्ल्ड स्कूल में आयोजित की जा रही जिला स्तरीय अंतर विद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता में रविवार को एक मुकाबला कराया गया। जिसमें ज्ञानकलश इंटरनेशनल स्कूल ने एक्मे ग्लोबल स्कूल की टीम को हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। इससे पहले शनिवार की देर शाम हुए मैच में आशा मॉडर्न स्कूल की टीम ने क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी।
पहला मैच ज्ञान कलश इंटरनेशनल स्कूल और एक्मे ग्लोबल स्कूल के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ज्ञानकलश की पूरी टीम 19.4 ओवर में 180 रन बनाकर आउट हो गई। इनमें अभिषेक ने 63, अनुराग ने 35 और सार्थक ने 26 रन बनाए। एक्मे ग्लोबल के लिए हमजा ने तीन तथा फराज और शाकिर ने दो-दो विकेट लिए। 181 रन के लक्ष्य का पीछा करने के लिए बल्लेबाजी करने मैदान पर उतरी एक्मे ग्लोबल स्कूल की पूरी टीम 13.5 ओवर में 126 रन बनाकर आउट हो गई। शाहिद ने 71 रन बनाए। ज्ञानकलश की ओर से मोइन ने चार तथा अनुराग ने दो विकेट लिए। प्लेयर ऑफ द मैच अभिषेक रहे।
इससे पहले शनिवार की देर शाम आशा मॉडर्न स्कूल और ब्राउनवुड स्कूल के बीच मैच खेला गया। पहले बल्लेेबाजी करते हुए ब्राउनवुड स्कूल की टीम ने 15 ओवर में छह विकेट गंवाकर 118 रन बनाए। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी आशा मॉडर्न स्कूल की टीम ने 13 ओवर में लक्ष्य हासिल कर मैच जीतते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी। प्लेयर ऑफ द मैच श्रेयांश को चुना गया। अंपायरिंग राव सदाकत और वंश पाल ने की, जबकि स्कोरर तनवीर अहमद रहे। मैच के दौरान विक्की पूजना, आयोजन अध्यक्ष आशुतोष मिश्रा, सचिव विवेक मैथ्यूज, संयोजक विक्रांत चौधरी, एसडीसीए के सचिव लतीफ उर रहमान, दिव्या, स्कूल निदेशक मुकुल चौधरी, डॉ. संदीप गुप्ता आदि मौजूद रहे।