सहारनपुर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने बुधवार को गुटखा एवं पान मसाला के थोक विक्रेताओं के यहां छापा मार कार्रवाई की। टीम ने पांच विक्रेताओं के यहां से सैंपल लिए।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर पान मसाला एवं गुटखा में निकोटिन की जांच के लिए कार्रवाई की गई। इस दौरान कुछ व्यापारियों ने कार्रवाई का विरोध भी किया।
बुधवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने अभिहीत अधिकारी सुनील कुमार शर्मा के नेतृत्व में महावीर मार्केट एवं नखासा बाजार स्थित पान मसाला एवं गुटखा के थोक विक्रेताओं के यहां छापा मारा।
टीम ने महावीर बाजार स्थित रतन ट्रेडिंग कंपनी पर छापा मारा और रजनीगंधा पान मसाला का सैंपल लिया। इसके बाद टीम नखासा बाजार स्थित नवदीप इंटरप्राइजेज पर पहुंची और दिलबाग गुटखा का सैंपल लेने लगे।
अभिहीत अधिकारी सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि इसी दौरान एजेंसी मालिक नवीन मक्कड़ ने अन्य व्यापारियों को बुला लिया। व्यापारियों ने कार्रवाई का विरोध जताया।
बाद में व्यापारियों को समझाकर शांत किया और उन्हें बताया गया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन आयुक्त एवं जिलाधिकारी के निर्देशन में ही कार्रवाई की जा रही है। जिस पर व्यापारी शांत हुए। टीम ने वहां से दिलबाग का नमूना लिया।
टीम ने नखासा बाजार के ही संजय प्रोविजन स्टोर से राग पान मसाला का सैंपल लिया। यहीं पर आकाश जर्दा हाउस से रजनीगंधा पान मसाला का सैंपल लिया। इसके अलावा सतीश कुमार एंड संस के यहां से कंफेक्शनरी का भी सैंपल लिया।
टीम ने कुल पांच सैंपल लिए, जो जांच के लिए भेज दिए। छापामारी टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक कुमार, सुधीर कुमार सिंह, विशाल गुप्ता, राहुल शुक्ला, इंगल यादव शामिल रहे।
अभिहीत अधिकारी सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि कोर्ट ने किसी मामले में गुटखा एवं पान मसाला में निकोटिन की अधिकता की जांच को लेकर इस प्रकार के आदेश दिए हैं। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन एवं जिलाधिकारी के आदेश पर सिटी मजिस्ट्रेट हरिशंकर के निर्देशन में कार्रवाई की गई है।