एकजुट होकर राजनीतिक ताकत हासिल करे गुर्जर-कुर्मी समाज : बघेल
सहारनपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पिता और सामाजिक कार्यकर्ता नंद कुमार बघेल ने गुर्जर और कुर्मियों की एक जाति बताकर इनकी एकजुटता का आह्वान किया। उन्होंने राजनीतिक दलों पर इस समाज को बांटने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि गुर्जर, कुर्मी, पटेल एकजुट होकर राजनीतिक ताकत हासिल करें तो समाज का उत्थान जल्द संभव है।
शुक्रवार को जंधेड़ी ग्राम में शिवकुमार चौधरी के आवास पर आयोजित बैठक में नंद कुमार बघेल ने कहा कि गुर्जर, कुर्मी और पटेल एक ही समुदाय से संबंध रखते हैं। लेकिन दूर-दूर होने के चलते राजनीतिक दलों ने इस समाज को हमेशा बांटकर रखा है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक ताकत पाने के लिए इस समाज को एकजुट होना होगा। शिवकुमार चौधरी ने कहा कि गुर्जर-कुर्मी समुदाय ने लगभग सभी राजनीतिक दलों को वोट देकर सत्ता में बैठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसके बावजूद यह समाज अपना सही हक नहंी पा सका। प्रधान रामपाल सिंह ने कहा कि गुर्जर-कुर्मी एकजुटता के बिना इस समाज का भला नहीं हो सकता। नंद कुमार बघेल की मुहिम को एकजुट होकर जनपद का गुर्जर समाज ताकत प्रदान करेगा, जिससे कुर्मी, पटेल , गुर्जर समाज राजनीति सहित अन्य सभी क्षेत्रों में तरक्की कर सकेगा। इस दौरान रामपाल सिंह, अशोक कुमार, रामकुमार, सुनीत कुमार, डॉक्टर ओमप्रकाश सैनी, मोनू, ऋषिपाल, सुन्हेरा सिंह, संदीप, प्रमोद, भोपाल, विनोद राणा, पूर्व प्रधान अरविन्द सिंह, रविन्द्र कुमार आदि मौजूद रहे।