रेलवे स्टेशन पर शताब्दी एक्सप्रेस में महिला यात्रियों को जागरूक करती जीआरपी
-सफर में सुरक्षा की न करें चिंता, तुरंत मिलेगी मदद
फोटो समाचार -
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं में जागरुकता बढ़ाने के मकसद से रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने महिला यात्रियों को जागरूक किया। कोई दिक्कत हो तो वह हेल्पलाइन नंबरों को डायल कर सहायता ले सकती हैं।
रविवार को जीआरपी ने रेलवे स्टेशन पर नई दिल्ली-देहरादून शताब्दी एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों में महिला यात्रियों को शक्ति मिशन अभियान के तहत जागरूक किया गया। इस दौरान जीआरपी थाना प्रभारी संजीव कुमार ने कहा कि सरकार महिलाओं व बालिकाओं के अपराध को लेकर गंभीर है। महिलाएं व बालिकाएं जब भी खुद को असुरक्षित महसूस करें तो सरकार द्वारा जारी टोल फ्री नंबर 181, 1090, 1098, 139 और 112 पर सूचना दें। अपराध रोकने के लिए अपराध का विरोध करना जरूरी है।
उन्होंने यह भी बताया कि शिकायत करने वालों का नाम व पता गोपनीय रखा जाएगा, साथ ही उन्हें सुरक्षा व आत्मनिर्भरता के लिए बनाए गए नियम-कानून के प्रति जागरूक किया गया। इसके अलावा उन्हें अपने कीमती सामान की सुरक्षा और अपरिचित की दी हुई कोई चीज जैसे चाय, बिस्किट नहीं खाए। इसमें नशीला पदार्थ मिला हो सकता है। इससे आप किसी अनहोनी के शिकार हो सकते हैं।