अंबेहटा में विजयी क्रिकेट टीम के खिलाड़ी
- फोटो : SAHARANPUR
ग्रीन वैली ने देहरादून टीम को 57 रन से हराया
अंबेहटा (सहारनपुर)। रनियाली दयालपुर मार्ग स्थित ग्रीन वैली क्रिकेट एकेडमी में आयोजित एक दिवसीय क्रिकेट मैच में ग्रीन वैली की टीम ने देहरादून टीम को 57 रनों से हराकर जीत दर्ज की।
ग्रीन वैली क्रिकेट एकेडमी के कप्तान मानव ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 263 रन का लक्ष्य देहरादून टीम के समक्ष रखा। बल्लेबाजी करते हुए ओपनर बल्लेबाज कप्तान मानव ने 46, विशाल ने 68, साकिब ने 60 और प्राची ने 22 रन की शानदार पारी खेलकर टीम को उच्च स्कोर तक पहुंचाया। देहरादून टीम की तरफ से शानदार बॉलिंग करते आशु कश्यप और दीपक ने दो-दो विकेट लिए।
जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी देहरादून की टीम ग्रीन वैली क्रिकेट एकेडमी के तेज गेंदबाजों के सामने रनों के लिए जूझती नजर आई, जिसके चलते टीम 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 206 रन ही बना सकी। ग्रीन वैली टीम ने मैच 57 रनों से जीत लिया। देहरादून की तरफ से ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए आशु कश्यप ने सर्वाधिक 56, अनिल 35 और वंश ने 27 रन बनाए। मैच के अंपायर भानु और सलमान रहे। हरफन मौला प्रदर्शन की बदौलत विशाल को मैन ऑफ द मैच से नवाजा गया। इस दौरान कोच अर्जुन सिंह, अंकित कुमार, दीपक कुमार, रोशन व सोहित आदि मौजूद रहे।