सहारनपुर। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने कहा कि ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत ग्राम पंचायत सीसीटीवी से लैस होंगी।
शनिवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में पंचायत विकास योजना, जिला स्वच्छता समिति एवं त्रिनेत्र योजना की समीक्षा की गई। ओडीएफ प्लस के तहत राजस्व ग्राम की समीक्षा, सामुदायिक शौचालय संचालन एवं रखरखाव, गोवर्धन परियोजना, ऑपरेशन त्रिनेत्र आदि बिंदुओं पर चर्चा की गई। जिले में 884 सामुदायिक शौचालयों के सापेक्ष 859 सामुदायिक शौचालयों का निर्माण कार्य पूरा होने और शेष 25 सामुदायिक शौचालयों के निर्माण के लिए उप जिलाधिकारियों को भूमि चिन्हित कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी ग्राम पंचायतों में सीसीटीवी कैमरा एवं पब्लिक एड्रेस सिस्टम ग्राम पंचायतों के प्रमुख स्थलों, सामुदायिक शौचालय, ग्राम सचिवालय, प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय, प्रमुख मार्गाें, ग्राम पंचायत के मुख्य प्रवेश द्वार एवं निकास द्वार, मुख्य चौराहे एवं तिराहे आदि पर लगवाया जाएगा। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व रजनीश कुमार मिश्र, एसपी देहात सागर जैन, पीडी डीआरडीए प्रणय कृष्ण, उपायुक्त स्वतः रोजगार इंद्रपाल सिंह, उप निदेशक कृषि डॉ. राकेश कुमार आदि मौजूद रहे।