सहारनपुर। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा व अखिल भारतीय पसमांदा मुस्लिम मंच के तत्वाधान में पसमांदा मुस्लिम सम्मेलन का आयोजन किया गया।
बेहट रोड स्थित एक सभागार में आयोजित सम्मेलन में औद्योगिक विकास राज्यमंत्री जसवंत सैनी ने कहा कि आजादी के बाद से अभी तक किसी भी प्रधानमंत्री ने पसमांदा मुसलमानों की सुध नहीं ली। नरेंद्र मोदी पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने पसमांदा मुसलमानों के दर्द को समझा, उन्हें राजनितिक, आर्थिक व सामाजिक रूप से मजबूत किया। पूर्व सरकारों ने मुसलमानों को सिर्फ वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया। भाजपा सरकार ने बिना भेदभाव के सब को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया है।
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष जावेद मलिक ने कहा कि पसमांदा मुस्लिम समाज को अब किसी विपक्षी दल के बहकावे में नहीं आना है। यह दल सिर्फ गुमराह करके अपने फायदे के लिए मुस्लिम समाज का इस्तेमाल करते हैं। भाजपा सरकारें ही बिना किसी भेदभाव को मुस्लिम समाज के विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलवा रही है। इनके अलावा पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा ने भी विचार रखे।
इस दौरान संयोजक ऐजाज मलिक, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष कंवर बीर सिंह, सागर प्रधान, डाक्टर इमरान, अनवर, गुलबहार चौधरी, इलियास सैफी, रईस मलिक, रियाजुद्दीन प्रधान, शारिक मौजूद रहे।
बेहट रोड पर भाजपा पसमांदा मुस्लिम सम्मेलन को संबोधित करते राज्यमंत्री जसवंत सैनी- फोटो : SAHARANPUR