सहारनपुर। यातायात को सुगम बनाने के लिए स्मार्ट रोड विकसित करने से लेकर अन्य योजनाओं में भी सड़कों को चौड़ा किया जा रहा है, लेकिन सरकारी अतिक्रमण यातायात में बाधा बन रहे हैं।
डॉ. आंबेडकर चौक से जिला अस्पताल की ओर आने वाले मार्ग का लोक निर्माण विभाग ने छह महीने पहले चौड़ीकरण किया है। सड़क पहले से दोगुनी अधिक चौड़ी हुई है, लेकिन अस्पताल से पहले तिराहे पर ट्रांसफार्मर सड़क के बीचोंबीच रखा है। यदि यह ट्रांसफार्मर हट जाए तो अस्पताल के पीछे की ओर जाने वाले वाहन आसानी से निकल सकते हैं, लेकिन ट्रांसफार्मर नहीं हटने की वजह से तिराहे पर अक्सर जाम रहता है। साथ ही हादसा होने का खतरा रहता है। विश्वकर्मा चौक पर सड़क के बीचोंबीच यातायात पुलिस का प्वाइंट बना हुआ है। पुल से उतरकर हकीकतनगर की ओर जाने वाले वाहन जब ढमोला नदी के नए पुल की ओर चलते हैं तो उक्त प्वाइंट सड़क के बीचोंबीच बाधा रहता है। इसकी वजह से वाहनों को घूमकर आना पड़ता है। इनके अलावा अनेक मार्गों पर विद्युत खंभे सड़कों के बीच में खड़े हैं, जिनकी वजह से भी यातायात प्रभावित रहता है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता धर्मेंद्र सिंह का कहना है कि ट्रांसफार्मर और खंभे हटाने के लिए विद्युत निगम बजट की मांग करता है, जो बहुत अधिक है। इसकी वजह से कई जगहों से ट्रांसफार्मर और खंभे नहीं हटाए जा पा रहे हैं।