सहारनपुर। मंडलायुक्त ह्षिकेश भास्कर यशोद ने संभाग में गेहूं की सरकारी खरीद की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। संभाग में अब तक 3346 किसानों से 11610.627 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हो चुकी है। जो लक्ष्य का 4.40 प्रतिशत है।
मंगलवार को सर्किट सभागार में हुई बैठक में बताया गया कि विभिन्न एजेंसियों द्वारा अभी तक संभाग में 3346 किसानों से गेहूं खरीद हुई है। जिनमें से 90 प्रतिशत किसानों को भुगतान उनके खातों में सीधे किया जा चुका है। बताया गया कि मंडी में बाजार भाव 2350 से 2400 रुपये प्रति क्विंटल होने के कारण गेहूं खरीद गति नहीं पकड़ पा रही है। मंडलायुक्त ने कहा कि सभी क्रय केंद्रों पर प्रतिदिन 10 कृषकों का पंजीकरण करने, 25 कृषकों से फोन पर वार्ता करने और 100 क्विंटल गेहूं खरीद का लक्ष्य लक्ष्य निर्धारित किया जाए। सभी मोबाइल क्रय केंद्रों को संचालित किया जाए। किसानों को 48 घंटे के अंदर भुगतान कराया जाए। जनपद से बाहर जाने वाले गेहूं को रोका जाए। इस दौरान संभागीय खाद्य नियंत्रक आशीष कुमार, जिला खाद्य विपणन अधिकारी आरपी पटेल सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
सर्वाधिक खरीद करने वाला क्रय प्रभारी सम्मानित
बैठक में मंडलायुक्त ने मंडल में सर्वाधिक गेहूं खरीद करने वाले क्रय केन्द्र प्रभारी सचिन गोयल को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने 15 से 21 अप्रैल तक सबसे अधिक गेहूं खरीद की है।