डीएम कार्यालय पर धरना प्रदर्शन करते भारतीय किसान यूनियन पथिक के किसान
सहारनपुर। भाकियू (पथिक) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज चौधरी ने कहा कि पेराई सत्र शुरू हुए करीब तीन महीने होने को है। इसके बावजूद सरकार ने अब तक गन्ना मूल्य घोषित नहीं किया है। उन्होंने प्रदेश सरकार से लागत को देखते हुए कम से कम 450 रुपये प्रति क्विंटल गन्ना मूल्य घोषित करने की मांग की।
कलक्ट्रेट परिसर में आयोजित मासिक बैठक में नीरज चौधरी ने कहा कि पंजाब सरकार ने गन्ना मूल्य में 20 रुपये क्विंटल की वृद्घि की है। जबकि प्रदेश सरकार ने अभी तक गन्ना मूल्य घोषित ही नहीं किया है। उन्होंने कहा कि किसानों ने वोट देकर प्रदेश में भाजपा की बहुमत की सरकार बनवाई थी, उन्हें उम्मीद थी कि किसानों की समस्याओं का निस्तारण होगा। मगर ऐसा नहीं हुआ।उन्होंने कहा कि एक तरफ तो किसानों का बकाया गन्ना मूल्य भुगतान नहीं हो रहा है, दूसरी ओर बिजली का बिल बकाया होने पर नलकूपों के कनेक्शन काटे जा रहे हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने नए पदाधिकारियों की भी घोषणा की। इनमें धीरेंद्र कुमार को युवा इकाई का राष्ट्रीय महासचिव, राजा सैनी को प्रदेश महासचिव, योगेश गुर्जर को प्रदेश उपाध्यक्ष, आर्यमन राणा को छात्रसभा का जिलाध्यक्ष, जयपाल चौहान को प्रदेश संगठन मंत्री और सोमपाल स्वामी को तहसील नकुड़ का अध्यक्ष नियुक्त किया है।
बैठक के बाद उन्होंने तहसीलदार सदर विपिन द्विवेदी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान प्रवीण जगरौली, राकेश चौधरी, राहुल गुर्जर, सुरेश धीमान, जसवीर प्रधान, तजम्मुल हुसैन, तकी चौधरी आदि मौजूद रहे।