सहारनपुर। मंडलायुक्त एवी राजमौलि ने रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर कोरोना जांच करने तथा आरटीपीसीआर से जांच बढ़ाने के निर्देश दिए। वह शनिवार को तीनों जनपदों के जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कॉटेक्ट ट्रेसिंग की जांच के लिए कम से कम 25 व्यक्तियों की जांच आवश्यक रूप से कराई जाए। किसी कोविड-19 के मरीज के संपर्क में आए सभी व्यक्तियों की आरटीपीसीआर जांच कराएं। उन्होंने मंडल के सभी मुख्य चिकित्साधिकारियों को निर्देश दिए कि बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर बाहर से आने वाले व्यक्तियों की अनिवार्य जांच कराई जाए तथा इन स्थलों पर स्थाई रूप से टेस्ट टीम की तैनाती की जाए। साथ ही बचाव के लिए कार्ययोजना पर विचार कर समुचित निर्णय लेने को भी कहा। निर्देश दिए कि फोकस टेस्टिंग में नियत टारगेट ग्रुप की जांच कराई जाए। कोविड-19 के बचाव के लिए सरकारी कर्मियों के व्हाट्स एप ग्रुप के माध्यम से सूचनाओं का प्रसारण किया जाए। साथ ही जिले के एक अस्पताल को कोविड अस्पाताल के रूप में प्रयोग किया जाए। स्वास्थ्यकर्मी और फ्रंटलाइन वर्कर्स का शत प्रतिशत वैक्सीनेशन किया जाए। कारागार में निरुद्ध बंदियों का भी वैक्सीनेशन करने के निर्देश दिए। वैक्सीन का दुरुपयोग नहीं होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोग लापरवाही बरत रहे हैं। ऐसे में कोविड-19 के पालन के लिए एक सप्ताह का अभियान चलाया जाए।