-पार्षद के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने तक हड़ताल जारी रखने की दी हुई है चेतावनी
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। दो दिन से चल रही सफाईकर्मियों की हड़ताल से स्मार्ट सिटी में जगह जगह कचरे के ढेर लगे हैं। कचरा, कूड़ा घरों से बाहर आकर सड़कों पर फैला है, जिससे राहगीरों को परेशानी हो रही है। अभी समस्या और बढ़ने की आशंका है, क्योंकि सफाईकर्मियों ने चेतावनी दी है कि जब तक पार्षद के विरुद्ध एफआईआर नहीं हो जाती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
तीन दिन पहले वार्ड 15 में सोफिया स्कूल के पास सफाई करते समय स्थानीय पार्षद राजकुमार राजू और सफाईकर्मियों में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। सफाईकर्मियों का आरोप था कि पार्षद ने उनके साथ गाली गलौज और बदसलूकी की है। इसे लेकर सफाईकर्मियों ने हंगामा किया था, साथ ही कोतवाली सदर बाजार में तहरीर देकर पार्षद के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करते हुए गिरफ्तारी की मांग की थी। 24 घंटे बाद भी एफआईआर नहीं होने पर शनिवार की सुबह सफाईकर्मियों ने निगम में तालाबंदी करते हुए धरना दिया था।
चेतावनी दी कि जब तक एफआईआर दर्ज नहीं होती तब तक हड़ताल जारी रहेगी। ऐसे में सफाईकर्मियों की हड़ताल के चलते और रविवार को अवकाश के चलते महानगर में जगह जगह गंदगी फैली है। डलावघरों पर कचरा बाहर निकलकर सड़कों पर फैला है। पुल खुमरान पर शनिवार से ही कचरा सड़क पर आया हुआ है, जिसके बीच से लोगों को गुजरना पड़ रहा है। वार्ड 15 में ही आईटीसी मार्ग और अन्य जगहों पर कचरे के ढेर हैं। अंबाला रोड पर ढोली खाल के पास कचरा फैला है। कलक्ट्रेट परिसर में भी कचरे का ढेर लगा है।