सहारनपुर। शहर कोतवाली पुलिस ने गैंगस्टर अब्दुल रहमान उर्फ रहमान कुरैशी की करीब 2.86 लाख रुपये की चल-अचल संपत्ति को कुर्क किया है। जमीन पर पुलिस ने बोर्ड लगा दिया है।
बुधवार को शहर कोतवाली पुलिस और तहसीलदार सदर टीम के साथ थाना कुतुबशेर में एकता कॉलोनी पहुंचे। यहां पर गैंगस्टर के आरोपी अब्दुल रहमान का 33.33 वर्ग का आवासीय प्लॉट है, जिसकी कीमत करीब 2.57 लाख रुपये है। इस पर टीम ने अपराध से अर्जित अवैध संपत्ति होने का बोर्ड लगा दिया है। इसके अलावा उसकी एक स्कूटी को भी कुर्क किया है, जो करीब 29,500 रुपये की है। गैंगस्टर के आरोपी अब्दुल रहमान ने अपराध कर अवैध संपत्तियां अर्जित की। एसएसपी आशीष तिवारी का का कहना है कि अपराध से अर्जित अवैध धन व संपत्तियों पर लगातार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। भविष्य में भी ऐसे गैंग और आरोपियों की अवैध संपत्ति गैंगस्टर अधिनियम के तहत कुर्क की जाती रहेगी।
साढ़े पांच महीने में 68.85 लाख की अवैध संपत्ति जब्त
पुलिस ने गैंगस्टर, गुंडा एक्ट और अवैध संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई चल रही है। एक जुलाई 2025 से 18 नवंबर 2025 तक गैंगस्टर अधिनियम में 14 मुदकमे दर्ज हुए। 78 आरोपियों को चिह्नित किया। लूट से 68.85 लाख रुपये की अवैध अर्जित संपत्ति जब्त की गई। गोकशी से 2.86 लाख रुपये की संपत्ति जब्त हुई। 162 आरोपियों पर गुंडा एक्ट और 62 अपराधियों को छह माह के लिए जिला बदर किया।