देवबंद (सहारनपुर)। गिरोह बनाकर आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहने वालों के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान में शनिवार को पुलिस प्रशासन की टीम ने देवबंद में गैंगस्टर फूल मियां की डेढ़ करोड़ से अधिक की संपत्ति कुर्क कर ली।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आपराधिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया है। इसी क्रम में 16 सितंबर को जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय से आरोपी गैंगस्टर फूल मियां निवासी मोहल्ला बड़जिया उल हक के खिलाफ आदेश जारी हुआ, इसमें उत्तर प्रदेश गिरोह बंद व समाज विरोधी क्रियाकलाप के आरोपों के चलते अवैध तरीकों से अर्जित की गई संपत्ति कुर्क करने को कहा गया था।
शनिवार को देवबंद एसडीएम राकेश कुमार, सीओ रजनीश कुमार उपाध्याय, तहसीलदार हर्ष चावला, इंस्पेक्टर अशोक सोलंकी पुलिस बल के साथ फूल मियां की कुटी रोड स्थित संपत्ति को कुर्क करने पहुंचे।
टीम ने कृषि भूमि रकबा 1-1-8 बीघा 0.2191 हेक्टेयर, लेखपत्र संख्या 7574 कृषि भूमि रकबा 0.512 हेक्टेयर, लेखपत्र संख्या 224 कृषि भूमि रकबा 3-0-0 बीघा 0.205 हेक्टेयर लेखपत्र संख्या -11008 कृषि भूमि 0.410 हेक्टेयर का 4/5 भाग को कुर्क कर सभी जमीनों पर सरकारी बोर्ड लगा दिए हैं।
साथ ही फूल मियां का मोहल्ला बड़जिया उल हक स्थित 162.29 वर्ग मीटर के मकान को भी टीम ने कुर्क कर लिया। तहसीलदार हर्ष चावला ने बताया कि प्रशासन ने फूल मियां की करीब 13.5 बीघा जमीन को कुर्क किया है।
कुर्क की गई संपत्ति की कीमत बाजार मूल्य के हिसाब से डेढ़ करोड़ से अधिक है। उन्होंने बताया फूल मियां ने उक्त संपत्तियां वर्ष 2013 से 2020 के बीच एकत्र की हैं। साथ ही अन्य संपत्ति के बारे में जानकारी प्राप्त की जा रही है।
कुटी रोड स्थित फूलमियां की जमीन को कुर्क करते अधिकारी- फोटो : DEVBAND
गैंगस्टर के आरोपी फूलमियां के बड़जियाउलहक स्थित मकान पर कुर्की की कार्रवाई करते अधिकारी- फोटो : DEVBAND