- अंधेरे का लाभ उठा साथी रहा भागने में सफल
- बलियाखेड़ी कोलकी मार्ग पर पुलिस के साथ हुई मुठभेड़
संवाद न्यूज एजेंसी
गागलहेड़ी। पुलिस टीम की बृहस्पतिवार रात बलियाखेड़ी-कोलकी मार्ग पर वाहन चेकिंग के दौरान बाइक सवार बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। इसमें पुलिस की गोली लगने से घायल होने पर गैंगस्टर और चोरी में वांछित हरोड़ा निवासी रमजान उर्फ रमजानी पकड़ा गया। हालांकि इस दौरान उसका एक साथी भागने में सफल रहा।
एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि बीती रात एसओ प्रवेश कुमार की टीम को चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने रुकने का इशारा किया, जिस पर बदमाश बाइक मोड़कर भागने लगे। इसी दौरान बदमाशों की बाइक फिसल गई। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में रमजान की टांग में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। रमजान थाना गागलहेड़ी में दर्ज गैंगस्टर एक्ट व चोरी सहित कई मामलों में वांछित था। बदमाश के खिलाफ कुल सात मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में सफल रहा जिसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
पकड़े गए बदमाश के पास से पुलिस ने एक तमंचा, दो कारतूस, दो खोखा, बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की है। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।