सहारनपुर में पिछले कई दिनों से चल रही कांवड़ यात्रा में रविवार को अंतिम पड़ाव डाक कांवड़ियों के नाम रहा। हरिद्वार से पवित्र गंगा जल लेकर आए कांवड़ियों ने शिवालियों पर पहुंचकर यात्रा को विराम देना शुरू कर दिया।
सोमवार को जलाभिषेक के साथ कांवड़ यात्रा सम्पन्न हो जाएगी। उधर, हाईवे पर हर समय डाक कांवड़ दौड़ते रहे। मार्ग पर कांवड़िए डीजे की धुन पर नाचते गाते चल रहे थे। रविवार को पैदल कांवड़ लाने वाले कांवड़ियों की संख्या कम रही।
शिवभक्त अपने वाहनों से डाक कांवड़ लेकर लौटते रहे। पूरा दिन डाक कांवड़ियों के आने-जाने का सिलसिला जारी रहा। उधर, स्थानीय कांवड़ियों का लौटना जारी रहा। डीजे की धुन पर चल रहे कांवड़ियों से मार्ग पूर्णतया भक्तिमय रहा।
कांवड़ सेवा शिविरों में भोलें रविवार को बड़ी संख्या में उमड़े। कांवड़ियों की सेवा में पुरुष, महिलाओं सहित बच्चों ने भी बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। कांवड़िए अपनी मंजिल के करीब पहुंच गए है।
कांवड़ यात्रा में बम-बम भोले और हर-हर महादेव के नारों के साथ भारत माता के जयकारे भी गूंजते रहे। हरिद्वार से गंगाजल लेकर शिवालयों की ओर बढ़ रहे कांवड़ियों का रैला शिवभक्ति के साथ देशभक्ति के रंग में भी डूबा रहा।