सहारनपुर। जीआरपी ने छिनैती की घटना का खुलासा करते हुए दो महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने महिला से छीने गए सोने के कुंडलों को गलाकर डली बना दी थी। जीआरपी ने चार ग्राम सोने की डली और कार बरामद की है।
जीआरपी सीओ राजीव कुमार सिसोदिया ने बताया कि आठ अप्रैल को महिला से सोने के कुंडल छीनने की घटना हुई थी। इसमें जीआरपी ने प्राथमिकी दर्ज करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की थी। जांच के दौरान रेलवे स्टेशन और आसपास लगे करीब 250 सीसीटीवी की फुटेज खंगाली गई। जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र सिंह के नेतृत्व में सर्विलांस मुरादाबाद, सीआईबी अंबाला टीम ने पंजाब के पटियाला में गांव रहोटी छन्ना से आरोपी जसपाल कौर, राहुल और सरबजीत उर्फ किना निवासी बागड़िया संगरूर को गिरफ्तार किया। इनमें जसपाल कौर गिरोह का सरगना है। इस पर पहले से ही चोरी, छिनैती और धोखाधड़ी समेत कई संगीन धाराओं में 12 प्राथमिकी दर्ज हैं। जीआरपी अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है। जीआरपी सीओ राजीव कुमार सिसोदिया ने बताया कि गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
-
ऐसे करते थे वारदात
पूछताछ में जसपाल कौर ने बताया कि अपने परिवार के लोगों और साथियों के साथ भीड़भाड़ वाले इलाकों में कार से पहुंचकर पहले शिकार चिन्हित करते थे। इसके बाद सभी मिलकर सामान छीन लेते और फिर आपस में बांट लेते थे। बरामद सोने की डली के लिए कुंडल छीने थे। इनकी कीमत करीब 60 हजार रुपये है।