संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। जनपद वासियों के लिए अच्छी खबर है। आवास विकास परिषद को बस अड्डे के लिए जल्द ही धनराशि मिलेगी। भूमि क्रय करने को पहले ही मंजूरी मिल गई है। इस संबंध में नगर विधायक ने परिवहन मंत्री और प्रमुख सचिव परिवहन से फोन पर वार्ता की।
बस स्टैंड के निर्माण का मुद्दा नगर विधायक राजीव गुंबर ने मई 2022 में विधानसभा में उठाया था। उसके बाद से बस अड्डा निर्माण के लिए कई बार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से मिलकर वार्ता की गई। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह व प्रमुख सचिव परिवहन एम वेंकटेश लू से बुधवार को फोन पर वार्ता हुई, जिसमें उन्होंने बताया बस स्टैंड निर्माण के लिए आवास विकास परिषद से भूमि क्रय को लगभग 38 करोड़ रुपये की धनराशि एक सप्ताह के अंदर जारी हो जाएगी।
बस स्टैंड के निर्माण से जिले वासियों को एक ही स्थान से आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी। लगभग 8014 वर्ग मीटर भूमि चिह्नित की गई है, जिसका आवास आयुक्त द्वारा अनुमोदन कर ले आउट प्लान परिवहन निगम को दिया गया है। इस ले आउट प्लान पर सहमति जताते हुए परिवहन निगम जल्द ही धनराशि जारी करने पर सहमति प्रदान की गई है।