सहारनपुर। शहर कोतवाली पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के खातों से रुपये उड़ाने वाले जालसाज को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि जालसाज भोले-भाले लोगों के पिन देखकर एटीएम कार्ड बदल देता था। इसके बाद पत्तियां लगाकर नकदी निकाल लेता था। आरोपी ने पूछताछ में सहारनपुर के अलावा रुड़की और रोशनपुरा में कई घटना करना स्वीकार किया है।
पुलिस लाइन में एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि शहर कोतवाली पुलिस क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान घंटाघर के पास प्रभात सिनेमा के पीछे से आरोपी समित निवासी खानपुर थाना भगवानपुर जिला हरिद्वार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि एटीएम बूथों पर सीधे-साधे लोगों को बातचीत में उलझाकर उनका पिन देख लेता था और फिर धोखे से उनका एटीएम कार्ड बदल देता था। बाद में दूसरे एटीएम से खाते से रुपये निकाल लेता था। इसके अलावा वह कई एटीएम मशीनों में नकदी निकलने वाली जगह पर प्लास्टिक की पत्तियां लगा देता था, जिससे रुपये फंस जाते थे।
ग्राहक के चले जाने के बाद वह पत्तियां हटाकर फंसी हुई नकदी निकाल लेता था। आरोपी ने पुलिस को बताया कि चार मई 2026 को खलासी लाइन स्थित हिताची बैंक के एटीएम पर एक व्यक्ति का कार्ड बदलकर उसके खाते से 55 हजार रुपये निकाले थे। इसके अलावा रोशनपुरा और रुड़की में भी इसी तरह कई लोगों को ठगी का शिकार बनाया। आरोपी के पास मिले सात एटीएम कार्ड कोतवाली सदर बाजार में दर्ज धोखाधड़ी की एक प्राथमिकी से संबंधित हैं।