सहारनपुर। जाफरनवाज निवासी भू माफिया सन्नी नागपाल पर देहात कोतवाली में एक और मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में पीड़ित ने सन्नी नागपाल सहित 18 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव सलेमपुर गाड़ा निवासी आजम ने मामले की शिकायत एसएसपी से की थी, जिसमें आरोप लगाया कि सन्नी नागपाल ने जनता रोड पर स्थित उनकी जमीन के पीछे कॉलोनी काटी थी। इसके साथ ही झांसे में लेकर उसके पिता से उनकी जमीन भी अपने नाम करा ली थी। इस षड्यंत्र में सन्नी नागपाल के अलावा उसके परिवार के सदस्य अर्जुन नागपाल, विशाल नागपाल, हर्ष नागपाल, रमेेश नागपाल निवासी जाफरनवाज, आस्था खेड़ा, शशी किरण, कुसुम लता, सावन, दिनेश, सुगंध, कुसुम लता, निवासी माधोविहार, जुनैद और उसकी पत्नी निवासी गांव ढमोला, सलमान और उस्मान निवासी रायवाला शामिल हैं।
एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि एसएसपी के आदेेेश पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बता दें कि सन्नी नागपाल के खिलाफ जमीन कब्जाने, मारपीट और धमकी देने के कई मामले थाना जनकपुरी में भी दर्ज हैं। पुलिस की जांच में सन्नी नागपाल के कनेक्शन पूर्व एमएलसी व खनन माफिया हाजी इकबाल के साथ भी निकले थे।