नौकरी का झांसा देकर युवकों को भेज दिया विदेश
सहारनपुर, गंगोह। लाखों रुपये लेकर फर्जी कागजातों के आधार पर युवकों को विदेश भेज दिया गया। मामले में गृह विभाग के निर्देश पर दो महिलाओं सहित पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
गांव दैदनौर निवासी साहब सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि पंजाब के जिला जालंधर के थाना भोगपुर अंतर्गत गांव बूटरा निवासी रंजीत कौर, उसका पति प्रदीप सिंह एवं गुरूदेव सिंह उर्फ जैग्गी लोगों को विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी करते हैं। गांव नूरखेड़ी निवासी राजीव और उसकी बहन राखी भी उनके गिरोह की सदस्य हैं। बताया कि आरोपी रंजीत कौर नूरखेडी में राखी के घर आई थी। राखी ने उसे और गांव के ही संदीप सिंह एवं गांव खंडवा के दिलबाग सिंह को बताया कि वह लोग विदेश में नौकरी लगवाने का काम करते हैं, कुछ पैसा खर्च करो तो वे उनकी भी विदेश में नौकरी लगवा सकते हैं।
पीड़ित ने बताया कि उसका भाई गुरमीत सिंह खाली था और उसे नौकरी की आवश्यकता थी। वे तीनों उनकी बातों में आ गए। वीजा और दुबई, सरबिया एवं रूमानिया में नौकरी का वादा करते हुए प्रत्येक व्यक्ति से 13 लाख रुपये की मांग की गई। आरोपियों को बताए गए विभिन्न खातों में रुपये ट्रांसफर करने के बाद आरोपी फर्जी कागजातों के आधार पर गुरमीत, हरजिंद्र सिंह एवं हरजीत को विदेश ले गए। अब वहां तीनों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। आरोपी फोन नहीं उठा रहे हैं और संपर्क करने पर जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। उच्चाधिकारियों को प्रार्थनापत्र देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई।
इसके बाद पीड़ित ने गृह विभाग के सचिव को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की। गृह विभाग के आदेश पर पांच लोगाें के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।