लोन दिलाने के नाम पर की महिलाओं से ठगी
सहारनपुर। देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव बिजोपुरा में महिलाओं के साथ लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने का मामला सामने आया है। इन महिलाओं को स्वयं सहायता समूह बनाकर लोन दिलाने का झांसा दिया गया था। इस मामले में शुक्रवार को पीड़ित महिलाएं रालोद के प्रदेश उपाध्यक्ष अय्यूब हसन के साथ कलक्ट्रेट पहुंचीं और डिप्टी कलेक्टर पूरण सिंह राणा को ज्ञापन सौंपा।
महिलाओं सुषमा, सुमन, रेखा, सरिता, रूमा, दुलारी, लता, रोशनी सहत अन्य के मुताबिक बैंकों के एजेंट बनकर कुछ लोगों ने उन्हें लोन दिलाने का झांसा दिया था। उनका कहना था कि स्वयं सहायता समूह बनाकर लोन दिलाएंगे। इस काम के लिए उनके अंगूठे लगवाए गए और हस्ताक्षर करवाए गए। मगर उन्हें अब तक किसी तरह का लोन नहीं मिल पाया है। ज्ञापन देने वालों में सावित्री, लता, पूजा, अनीता, गरिमा, भागवंती, सलोचना, अलका, कलाशो, इंद्रेश, हुसन जहां, प्रीति, सुमन सहित अन्य शामिल रहे।
-----------
मकान दिलाने के नाम पर दो लाख रुपये हड़पने का आरोप
सहारनपुर। मानकमऊ निवासी वाजिदा ने कमिश्नर कार्यालय में शिकायतपत्र देकर आरोप लगाया कि मकान के सौदे के नाम पर उससे दो लाख रुपये हड़प लिए गए। पीड़िता ने बताया कि वह सिलाई का काम करती है। कुछ दिन पहले उसका पुश्तैनी मकान बिका था। इसके बाद उसने मानकमऊ में एक व्यक्ति से मकान का सौदा किया। इसके लिए उसने कुछ लोगों की मौजूदगी में दो लाख रुपये दे दिए थे। जब मकान पर कब्जा लेने पहुंची तो उसे टाला जाता रहा। बाद में धमकी भी दी गई। महिला का आरोप है कि इस मकान के पास रहने वाले कुछ लोगों ने बताया कि यह मकान सरकारी योजना के तहत बनवाया गया है। इसलिए इसकी जांच कराने के साथ ही उससे लिए गए पैसे दिलवाई जाएं।