सहारनपुर। महानगर में दिल्ली रोड पर पैरामाउंट कॉलोनी में चोरों ने दिनदहाड़े दवा कारोबारी के मकान को खंगाल डाला। चोर जेवरात और नकदी सहित करीब चार लाख के सामान उड़ा लिया। घर के नजदीक लगे सीसीटीवी में एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे रहा है। कोतवाली सदर बाजार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र की पैरामाउंट कॉलोनी में दवा कारोबारी अमित सचदेवा का मकान है। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार की सुबह 11 बजे अमित दुकान पर चले गए थे। तब, उनकी पत्नी भी घर पर नहीं थी। एक बजे जब उनकी पत्नी घर पहुंची तो मुख्य द्वार का ताला टूटा मिला और अंदर कमरों में भी सामान बिखरा हुआ था। चोरों ने अलमारी के ताले भी तोड़ दिए थे और सोने के जेवरात व नकदी पर हाथ साफ कर दिया था।
कोतवाली सदर बाजार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। मकान के पास लगे सीसीटीवी में एक व्यक्ति नजर आ रहा है, जो मुंह पर कपड़ा लपेटे हुए था और चश्मा पहने था। माना जा रहा है कि इसी व्यक्ति ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। जेवरात व नकदी सहित चोरों ने करीब चार लाख रुपये का सामान चोरी किया है। एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा।