सहारनपुर। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने को एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने तीन थाना प्रभारियों सहित चार निरीक्षक और 42 उपनिरीक्षकों के कार्य क्षेत्र में फेरबदल किया है। एसएसपी ने आचार संहिता लगने से कुछ घंटों पूर्व पुलिसकर्मियों का कार्य क्षेत्र बदला है।
एसएसपी डाॅ. विपिन ताडा ने बताया कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थाना प्रभारियों और उपनिरीक्षकों के कार्य क्षेत्र बदले गए हैं। इसके तहत कोतवाली मंडी प्रभारी पीयूष दीक्षित को पुलिस लाइन स्थित अपराध शाखा भेजा गया है। उनकी जगह पर पुलिस लाइन में तैनात निरीक्षक नेमचंद को कोतवाली मंडी का चार्ज दिया है। अब तक थाना जनकपुरी के प्रभारी रहे धर्मेंद्र गौतम को कोतवाली नकुड़ का प्रभारी बनाया है, जबकि कोतवाली नकुड़ से हटाए गए प्रभारी अमरपाल को थाना जनकपुरी का चार्ज दिया गया है। इसके अलावा शुक्रवार की रात एसएसपी ने जिले भर में 42 उपनिरीक्षकों के कार्य क्षेत्र में फेरबदल किया। इनमें दो चौकी प्रभारी, विभिन्न थानों में तैनात 12 उपनिरीक्षकों और पुलिस लाइन में तैनात 28 दरोगाओं को थानों में भेजा गया है। चुनाव के मद्देनजर 28 उपनिरीक्षक मुजफ्फरनगर और शामली से स्थानांतरण होकर आए थे।