संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। कलक्ट्रेट मस्जिद प्रकरण को लेकर सपा प्रतिनिधिमंडल ने सर्किट हाउस सभागार में अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सौंपते हुए प्रतिनिधिमंडल की तस्वीर पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर की है। इसके साथ ही उन्होंने लिखा है कि सहारनपुर में मस्जिद गिराने की घटना अब पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बन गई है, इसीलिए इस घटना ने राज्य के स्तर से बहुत ऊपर उठकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हमारे देश की पंथ निरपेक्ष छवि को धूमिल किया है। प्रदेश की सांप्रदायिक भाजपा सरकार और कुछ सांप्रदायिक अधिकारी भी इस कुकृत्य में संलिप्त हैं। हमारी मांग है कि उन सब दोषियों की जानकारी निकाली जाए और अगर सरकार को इन अपराधियों की जानकारी न हो तो हम उनके नामों का खुलासा करने में मदद करेंगे।
प्रदेश की भाजपा सरकार जिस प्रकार जुल्म और नाइंसाफी पर उतारू है, उसकी वजह से देश की एकता और अखंडता को ठेस न पहुंचे इसीलिए हम राष्ट्रपति को एक पत्र लिखकर ये दुर्भावनापूर्ण आपराधिक कुकृत्य उनके संज्ञान में लाएंगे और उनसे कठोरतम दंडात्मक कार्रवाई की अपील करेंगे। कोई भी दोषी अगर आज बच भी गया तो कल नहीं बचेगा।