विदेशियों की निगरानी में हो रही चूक
सहारनपुर। कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए केंद्र और राज्य सरकार सबसे ज्यादा दूसरे देशों से आ चुके लोगों को लेकर गंभीर है। गृह मंत्रालय ने भी माना है कि यहां विदेशों से आने वालों की संख्या निगरानी करने वालों से कहीं ज्यादा है। जिले में भी दूसरे देशों से आ चुके लोगों की निगरानी में चूक हो रही है। यहां हाल यह है कि कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए कुछ लोगों की सूचनाओं के बाद ही पता चल पाया कि जिले में काफी संख्या में ऐसे विदेशी हैं जो अलग-अलग देशों से आए हैं। वे यहां की मस्जिदों सहित अन्य जगहों पर रह रहे हैं।
जिले में लॉकडाउन के दौरान ही अब तक ऐसे 100 से भी ज्यादा विदेशियों के यहां होने का पता चला है। शुक्रवार को ही कुछ सूचनाएं मिलने के बाद तीन मस्जिदों में रह रहे 60 से अधिक विदेशियों के होने की जानकारी मिली थी। इससे जिला प्रशासन से लेकर स्वास्थ्य विभाग के अफसरों में हड़कंप मचा रहा। स्वास्थ्य विभाग की कोरोना सर्विलांस टीमों से थर्मल स्क्रीनिंग कराई गई। इनमें ज्यादातर लोग कजाखस्तान और सूडान के रहे। इससे पहले देवबंद सहित अन्य क्षेत्रों में भी सऊदी अरब सहित अन्य देशों से पहुंचे लोगों के बारे में जानकारियां मिल चुकी हैं।
संक्रमित होते तो क्या होता...
- गनीमत रही कि कोरोना सर्विलांस की टीमों के चिकित्सीय परीक्षण में कोई संक्रमित नहीं मिला है। यदि ऐसा होता तो जाहिर है कि यह कितना बड़ा खतरा हो सकता था। इन मामलों के सामने आने के बाद अब पुलिस प्रशासन से लेकर खुफिया विभाग की टीमें ऐसे विदेशियों को गोपनीय तरीके से ढूंढने में जुट गईं हैं।
आला अफसरों ने किया अलर्ट
- कमिश्नर संजय कुमार और डीआईजी उपेंद्र अग्रवाल ने भी इन मामलों पर पुलिस और खुफिया टीमों के साथ ही कोरोना नियंत्रण अभियान में जुटीं टीमों को बाहरी देशों या संक्रमण से प्रभावित बाहरी राज्यों के लोगों पर सबसे अधिक नजर रखने के लिए अलर्ट किया है ताकि कोरोना वायरस का खतरा न बढ़े।