हिमाचल और शिवालिक की पहाड़ियों में लगातार हो रही भारी बारिश से यमुना व क्षेत्र की सभी बरसाती नदियां रविवार को पूरे उफान पर रही। इससे बाढ़ जैसे हालात बने रहे। बरसाती नदियों से घिरे क्षेत्र के 20 से अधिक गांवों का तहसील व जनपद मुख्यालय से संपर्क कटा रहा। यमुना नदी में भी शाम पांच बजे हथनीकुंड बैराज से एक लाख 90 हजार 861 क्यूसेक पानी छोड़ा गया, जिसके बाद फ्लड घोषित कर पूर्वी व पश्चिमी यमुना नहरों को बंद कर दिया गया। प्रशासन ने सभी बाढ़ चौकियों को अलर्ट कर दिया है। यमुना नदी का लगातार बढ़ रहे जलस्तर से स्थानीय स्तर पर खतरा नहीं है लेकिन दिल्ली के निचले इलाकों पर बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।
मैदानी क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह से लगातार बारिश हो रही है, जबकि हिमाचल व शिवालिक की पहाड़ियों में शनिवार की रात से लगातर भारी बारिश हो रही है। पहाड़ी क्षेत्र में लगातर बारिश होने से रात एक बजे यमुना नदी का जलस्तर बढ़ना शुरू हो गया था। लगातर बारिश से जलस्तर बढ़कर रविवार की शाम पांच बजे एक लाख 90 हजार 861 क्यूसेक हो गया था, जिसके बाद बैराज कंट्रोल रूम से फ्लड घोषित कर पूर्वी और पश्चिमी नहरों को बंद कर दिया गया। क्षेत्र में स्थापित बाढ़ नियंत्रण चौकियों को प्रशासन ने अलर्ट कर दिया है। उधर, रविवार की दोपहर बाद मलिक पानी से निकलने वाली सभी बरसाती नदियां भी उफान पर ही। नदियों से घिरे क्षेत्र के दर्जनों गांव का तहसील व जनपद मुख्यालय से संपर्क कटा रहा, इससे बाढ़ जैसे हालात बने रहे।
बादशाहीबाग नदी को पार करते समय मगनपुरा निवासी हाशिम (60) जलधारा के बीच फंस गया। सूचना मिलने पर तहसीलदार प्रकाश सिंह राजेश टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उस समय ग्रामीण एक रस्सी के सहारे उसे नदी से बाहर निकाल रहे थे। हाशिम को सकुशल बचा लिया गया। उधर, गांव जाटोवाला में नाले से पानी की निकासी सही न होने के कारण बरसात का पानी रमेश, पिंकी, धर्मेंद्र, कुलदीप, सुरेश, अमर व नरेश आदि के घरों में घुस गया।
सुंदरपुर-शाकंभरी मार्ग रहा बंद
बिहारीगढ़ में बारिश के बाद शिवालिक के पहाड़ों से निकलने वाली हिंडन, सोलानी, मोहंड रौ, गुलरिया, लालो आदि सभी नदियां व नाले उफान पर रहे। इसके चलते सुंदरपुर शाकंभरी मार्ग पर पड़ने वाली हिंडन नदी में तेज बहाव के पानी आने के कारण इस मार्ग पर वाहनों का आवागमन बंद रहा। इस मार्ग पर सफर करने वाले यात्री भी सड़क के दोनों ओर खड़े होकर पानी के कम होने का इंतजार करते रहे।
यमुना नदी में जलस्तर की स्थिति
समय जलस्तर (क्यूसेक में)
सुबह 1 बजे 9345
2 बजे 11042
3 बजे 14780
6 बजे 15796
7 बजे 20327
8 बजे 30866
9 बजे 31122
10 बजे 45402
11 बजे 56463
दोपहर 12 बजे 83942
शाम 4 बजे 105453
5 बजे 190861
हिमाचल में बारिश की स्थिति
हरिपुर 64.8 मिमी
त्यूणी 53.2 मिमी
पाछड़ 140 मिमी
पांवटा साहिब 110 मिमी
पहाड़ी क्षेत्र में लगातार बारिश हो होने से जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। सभी बाढ़ चौकियों को अलर्ट कर दिया गया है। हालात पर नजर रखी जा रही है।- दीपक कुमार, एसडीएम बेहट