सहारनपुर देवबंद के बीबीपुर गांव में बृहस्पतिवार की रात्रि एक ही परिवार के पांच लोग दूध पीते ही अचानक बेहोश हो गए। शुक्रवार की सुबह हालत बिगड़ने पर पांचों को सीएचसी में भर्ती कराया गया।
जहां से एक युवती की गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बीबीपुर गांव में दलित बिरादरी के रविंद्र कुमार के परिवार के करीब 10 लोगों ने बृहस्पतिवार की रात में खाना खाने के बाद दूध पीया था।
दूध पीते ही रविंद्र की पत्नी पाल्ली (32), पुत्र रघु (15) व मुकुल (10, पुत्री राधा (18) और तोताराम (60) पुत्र अतर सिंह बेहोश हो गए। शुक्रवार की सुबह रविंद्र की पत्नी पाल्ली जब सोकर उठी तो उसे चक्कर आने लगे।
उसके बाद रविंद्र ने बारी-बारी से परिवार के अन्य सदस्यों को जगाना शुरू किया। लेकिन सभी की हालत बिगड़ी हुई थी। इससे परिवार में अफरा-तफरी मच गई। पड़ोसियों ने तुरंत ही 108 नंबर पर फोन कर जानकारी दी।
सभी को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। दोपहर करीब दो बजे राधा की हालत बिगड़ गई। उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। तोताराम ने बताया कि खाने में उन्होंने दाल-रोटी खाई थी। कुछ देर बाद जब दूध पीया तो अचानक बेहोशी छाने लगी।
लेकिन उसके बाद उन्हें कुछ पता नहीं रहा। सुबह के समय रविंद्र ने ही सबकों जगाया। लेकिन फिर से हालत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया। सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक डा. वीके मिश्रा ने बताया कि सभी लोगों का ब्लड प्रेशर और पल्स की जांच की गई जो नॉर्मल मिला है।
इसे फूड प्वाइंजिंग भी नहीं कहा जा सकता है। संभवत: दूध में कुछ गिरा होगा। इससे ही परिजनों की हालत बिगड़ी है। बता दें कि परिवार के ही फूलो देवी, जौनी, सुकेश, विक्रांत और सोमी ने भी वही दूध पीया था, लेकिन उनकी हालत ठीक बताई गई है।