सहारनपुर के चिलकाना में शनिवार की सुबह दो बाइक की आमने सामने की टक्कर में गंभीर रूप से घायल हुए चार युवकों में से दो की अस्पताल जाते वक्त रास्ते में मौत हो गई। जबकि दो की हालत गंभीर बनी है।
उधर, सहारनपुर में मेहरबानी पुल पर हुई सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। गागलहेड़ी में टेंकर की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत हो गई।
पहला हादसा शनिवार सुबह 11 बजे हुआ। गांव मानकमऊ निवासी इमरान अपने साथी शाकिब के साथ बाइक से चिलकाना स्थित एक मदरसे में मिलने आ रहा था।
उधर, गांव पीकी निवासी गुलशेर भी अपने साथी इंतजार निवासी खेड़ामवात के साथ चिलकाना से सहारनपुर की तरफ जा रहा था। गांव कातला के पास दोनों बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई।
चारों युवक सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। सूचना पर चिलकाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में 25 वर्षीय इंतजार और 20 वर्षीय साकिब की मौत हो गई।
इमरान और गुलशेर को गंभीर हालत में जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक चारों युवकों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहन रखा था। एसओ पीयूष दीक्षित ने बताया कि परिजन बिना कार्रवाई के शवों को ले गए।
शुक्रवार की रात को मेहरबानी पुल पर तेज गति से आ रही स्कार्पियो ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरे युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया।
दोनों की शिनाख्त ग्राम संसारपुर निवासी ब्रजपाल (38 वर्ष) एवं महिपाल (27 वर्ष) के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गागलहेड़ी में हरिद्वार जनपद के भगवानपुर थाना क्षेत्र के गांव शाहपुर निवासी 50 वर्षीय शाहिदा पत्नी इलियास अपने पुत्र मुहम्मद चांद के शनिवार दोपहर सहारनपुर के लिए चली तो पीछे से आ रहे दूध के टैंकर ने बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में मां बेटा घायल हो गए। घायलों को ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने जिला अस्पताल भेजा। जहां शाहिदा को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।