गागलहेड़ी। थाना क्षेत्र के गांव कुतुबपुर कुसानी में बुधवार को एक वलीमा समारोह के दौरान महिला से छेड़छाड़ को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। घटना में दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों का मेडिकल परीक्षण कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
गांव निवासी मुरसलीन के बेटे की शादी के बाद बुधवार दोपहर वलीमा समारोह आयोजित किया गया था। समारोह में गांव मक्काबांस तथा थाना फतेहपुर क्षेत्र के गांव मथाना से आए रिश्तेदार और अन्य मेहमान भी शामिल हुए थे। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान एक महिला के साथ छेड़छाड़ की घटना हुई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। मौके पर मौजूद समाज के जिम्मेदार लोगों ने दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का प्रयास किया, लेकिन विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसके बाद जमकर लाठी-डंडे और घूंसे चले। मारपीट में दोनों पक्षों के छह से अधिक लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायलों को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा गया। उधर, सीओ मुनीश चंद्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।