सहारनपुर। पुराने शहर के अतिव्यस्त और घनी आबादी इलाके चौक फव्वारा पर लगा ट्रांसफार्मर में फाल्ट होने पर आग लग गई। इससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और कई इलाकों के बिजली गुल हो गई।
चौक फव्वारा स्थित महानगर की प्रमुख जामा मस्जिद के सामने ट्रांसफार्मर लगा है, जिससे नया बाजार, सराफा बाजार, सब्जी मंडी पुल, जामा मस्जिद के अलावा कक्कड़गंज और शहीदगंज बाजार के कुछ इलाके में विद्युत सप्लाई होती है। रविवार की दोपहर करीब ढाई बजे फाल्ट होने पर ट्रांसफार्मर में आग लग गई। अग्निशमन अधिकारी द्वितीय ऋषभ पंवार टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और आग बुझाई। इस ट्रांसफार्मर से जुड़े इलाकों की बिजली गुल हो गई, जिससे गर्मी में लोगों को परेशान होना पड़ा है। मौके पर विद्युत निगम के अधिकारी व कर्मचारी पहुंचे। एसडीओ रोबिन शर्मा ने बताया कि नया ट्रांसफार्मर मंगाया गया है, जिसमें थोड़ा समय लगेगा। इसके बाद विद्युत आपूर्ति सुचारू हो जाएगी।