ग्राम तीतरों देहात में गन्ना तौल केन्द्र की झोपडी में लगी आग।
- फोटो : SAHARANPUR
तीतरों (सहारनपुर)। गन्ना क्रय केंद्र पर अस्थायी रूप से बनाई गई झोपड़ी में कुछ लोगों द्वारा आग लगाने से चौकीदार मामूली रुप से झुलस गया। जबकि उसके कपडे़ सहित अन्य सामान जल गया।
क्षेत्र के ग्राम तीतरों देहात में नानौता चीनी मिल का गन्ना क्रय केंद्र स्थापित किया गया है। जहां पर विभाग द्वारा चौकीदार के लिए एक अस्थायी झोपड़ी बनाई गई है। चौकीदार रिफाकत ने बताया कि सोमवार रात वह जब आराम कर रहा था तो अचानक उसकी आंख लग गई। इसी दौरान किसी ने उसकी झोपड़ी में आग लगा दी, वह आग की चपेट में आने के कारण मामूली रूप से झुलस गया। चौकीदार ने बताया कि आग से उसके बिस्तर, कपडे़, चारपाई सहित अन्य सामान जल गया। झोपड़ी में आग लगने की सूचना पर पहुंचे ग्राम प्रधान संजीव कुमार ने पुलिस को मामले की जानकारी दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंच आग के कारणों की जांच की। चौकीदार ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। ग्राम प्रधान का कहना है कि इससे पूर्व दो बार पहले भी आग लगाने की घटना को अंजाम दिया गया है।