सहारनपुर के बेहट में विद्युत सब स्टेशन मिर्जापुर पोल में रविवार देर शाम तकनीकी फॉल्ट आने से मशीनों में आग लग गई। ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी ने भागकर जान बचाई।
इस घटना से जुड़े तकरीबन 17 गांवों की आपूर्ति पिछले 24 घंटे से बाधित है। इससे छह पेयजल परियोजनाओं से पीने के पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। बता दें कि मिर्जापुर पोल स्थित विद्युत सब स्टेशन पर चार फीडर बनाए गए है। इनमें मिर्जापुर पोल, कासमपुर, शेरपुर पेलो और पाड़ली ग्रंट शामिल है।
मिर्जापुर पोल फीडर से मिर्जापुर पोल, शाहपुर गाड्डा, खुशहालपुर बस्ती, कासमपुर फीडर से कासमपुर, नानूवाला, शफीपुर, बादशाहीबाग, अली अकबरपुर, शेरपुर पेलो फीडर से शेरपुर पेला, चाणचक, रोशनपुर, हैदरपुर, घाघरा एवं हबीबपुर और पाड़ली ग्रंट फीडर से पाड़ली ग्रंट, खुशहालपुर और फरकपुर आदि गांवों की बिजली की आपूर्ति कराई जाती है।
इसके लिए स्टेशन पर पांच एमए के दो ट्रांसफार्मर लगाए जाने थे। लेकिन एक ही ट्रांसफार्मर से आपूर्ति कराई जा रही है जबकि दूसरे ट्रांसफार्मर को लगाने के लिए दो साल पहले टेंडर हुआ था। इसे अभी तक नहीं लगाया गया।
यह स्टेशन आज तक पांच एमए के एक ट्रांसफार्मर पर चल रहा है। आए दिन यहां तकनीकी फाल्ट आने से मैन पावर सप्लाई करने वाली मशीन फूंकती रहती है आए आपूर्ति बाधित रहती है। रविवार देर शाम भी तकनीकी फाल्ट से मशीनों में आग लग गई।
यहां ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी ने भागकर जान बचाई। मशीनें फूंकने से इस स्टेशन से जुड़े तकरीबन 17 गांवों की आपूर्ति पिछले 24 घंटे से बंद पड़ी है। कासमपुर, मिर्जापुर पोल, हबीबपुर, शेरपुर पेलो, रोशनपुर और मगनपुरा पेयजल परियोजनाओं से पीने के पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है।
इससे बेहाल कर रही गर्मी में लोग पानी के लिए मारे-मारे फिर रहे है। उधर, विद्युत संचालित सभी कार्य भी ठप पड़े है। उधर, एसडीओ प्रभव हरित का कहना है कि तकनीकी फाल्ट से हादसा हुआ। देर रात तक इसके सुचारु करने के प्रयास किए जा रहे हैं।