सहारनपुर। दीपावली की रात आतिशबाजी के गिरने से दिल्ली रोड स्थित भाजपा विधायक देवेंद्र निम के लकड़ी के गोदाम में आग लग गई। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। इसके अलावा तीन अन्य जगहों पर आग लगने की घटनाएं हुई।
दिल्ली रोड पर आईटीआई के सामने विधायक देवेंद्र निम का लकड़ी के सामान का गोदाम है। यहां पर लकड़ी से संबंधित सामान रखा हुआ था। सोमवार की रात गोदाम में जलती हुई आतिशबाजी गिरने की वजह से लकड़ी के सामान में आग लग गई। पता लगते ही अग्निशमन अधिकारी द्वितीय ऋषभ पंवार टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। करीब आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया।
वहीं, दिल्ली रोड पर आतिशबाजी गिरने से एक खाली पड़े प्लाट में आग लग गई। दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग को बुझाया। इसके अलावा इसी मार्ग पर एक वर्कशॉप और चिलकाना रोड पर एक मकान में शार्ट सर्किट की वजह से आग लगी, लेकिन दमकल विभाग की टीम के पहुंचने से पहले ही लोगों ने आग पर काबू पा लिया। पूरी रात दमकल विभाग की टीमें शहर के अलावा देहात क्षेत्रों में भी दौड़ती रही।