रामपुर मनिहारान। कस्बे के मुख्य बाजार में अमित गोयल की पंसारी की दुकान के गोदाम में अचानक आग लग गई। गोदाम से धुआं निकलता देख लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही देर में आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना पर पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया।
सोमवार दोपहर साढ़े बजे अमित गोयल अपनी दुकान पर बैठे थे। उनकी पंसारी की दुकान की बगल में ही गोदाम भी है। अचानक से पड़ोसियों ने गोदाम से धुआं उठते देखा। उन्होंने शोर मचाते हुए अमित को बताया। इसके बाद आनन-फानन में अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस पर पुलिस और फायर ब्रिगेड को खबर की गई। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। धुआं अधिक होने के कारण दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत उठानी पड़ी। लोगों की मदद से दमकल कर्मियों ने गोदाम के पीछे लगी खिड़कियों को तोड़कर राहत कार्य शुरू किया। करीब एक घंटे के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। अनुमान लगाया जा रहा है, आग शॉर्ट-सर्किट से लगी होगी।
सूचना के बाद मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रताप सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आग लगने के कारणों की जानकारी ली। दुकान मालिक अमित गोयल का कहना है कि आग लगने से उन्हें काफी नुकसान हुआ है। उधर, सीएफओ प्रताप सिंह ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।