संवाद न्यूज एजेंसी
चिलकाना। क्षेत्र के गांव बैंगनी निवासी एक महिला ने अपने पति पर बिना तलाक दूसरी शादी करने और फर्जी दस्तावेज तैयार कर दूसरी पत्नी को वैध पत्नी दर्शाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति समेत तीन लोगों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव बैंगनी निवासी नेहा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी वर्ष 2005 में गांव बैंगनी निवासी पंकज कुमार से हुई थी। दोनों का एक बेटा भी है। आरोप है कि कुछ वर्षों बाद पंकज कुमार का हरियाणा के यमुनानगर निवासी एक महिला से संबंध हो गया। परिवार और ग्रामीणों द्वारा समझाने के बावजूद उसने पहली पत्नी को तलाक दिए बिना दूसरी महिला के साथ रहने और बाद में शादी कर ली। पीड़िता का आरोप है कि पति पंकज कुमार, चित्रा तथा ओमपाल ने ग्राम सचिव की कथित मिलीभगत से संपत्ति पंजीकरण, मतदाता पहचान पत्र, वोटर सूची, आधार कार्ड और परिवार रजिस्टर समेत अन्य सरकारी अभिलेखों में फर्जी दस्तावेज तैयार कर दूसरी महिला को पत्नी के रूप में दर्ज करा दिया।
सीओ सदर विकास प्रतापसिंह चौहान ने बताया कि पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी पंकज कुमार, ओमपाल और चित्रा के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर ग्राम सचिव विक्रम सिंह ने बताया कि उनके द्वारा कोई भी फर्जी प्रमाण पत्र नहीं बनाया गया है। यह तथ्य उन्होंने अदालत में भी रख दिए हैं।