सहारनपुर। देहरादून रोड स्थित आंबेडकर चौक पर बिना अनुमति धरना-प्रदर्शन और सड़क जाम करने के मामले में जनकपुरी थाना पुलिस ने सपा प्रदेश सचिव समेत आठ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने समझाने के बावजूद सड़क से हटने से इंकार किया। पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। यातायात खुलवाने के प्रयास में भी बाधा डाली।
थाना जनकपुरी के वरिष्ठ उप निरीक्षक सत्यभान सिंह ने तहरीर देकर बताया कि बृहस्पतिवार को पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में शांति व्यवस्था, संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पता चला कि सपा की प्रदेश सचिव रूही अंजुम अपने समर्थकों के साथ आंबेडकर चौक पर प्रदर्शन कर रही है। उनके हाथों में ऐसी तख्तियां थीं, जिन पर चुनाव आयोग के खिलाफ अभद्र और अशोभनीय भाषा लिखी होने का आरोप है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो सड़क पर प्रदर्शन और नारेबाजी के कारण रास्ता अवरुद्ध मिला। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही थी।
प्रदर्शनकारियों से धरना-प्रदर्शन और ज्ञापन देने की अनुमति मांगी गई, लेकिन वह कोई अनुमति पत्र नहीं दिखा सके। पुलिस ने काफी समझाने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए पुलिस के साथ धक्का-मुक्की की और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इसके बाद महिला पुलिसकर्मियों समेत अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर दिया और यातायात पुलिस को जाम खुलवाने से भी रोकने का प्रयास किया। इससे सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न हुई।
जांच अधिकारी उप निरीक्षक शिवराज तोमर ने बताया कि सपा प्रदेश सचिव रूही अंजुम, मीरा कुमारी, जितेंद्र सिंह, बदर, चौधरी कुलदीप, रऊफ, सलमान सिद्दीकी, फुरकान और एक अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।