गागलहेड़ी। टायर बनाने वाली कंपनी में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 15 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने तीन महिलाओं समेत पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव खतोली निवासी बलकार सिंह ने एसएसपी को दी गई शिकायत में बताया कि नवंबर 2024 में उसके दो रिश्तेदार संदीप और मनोज उसके घर आए। उन्होंने बताया कि वे टायर बनाने वाली कंपनी की नई यूनिट में कार्यरत हैं। कंपनी के प्रबंधक से उनकी अच्छी पहचान है। आरोप है कि उन्होंने बलकार सिंह के बेटे रजत, आदित्य तथा भाई कुलतार की कंपनी में 30 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन पर नौकरी लगवाने का भरोसा दिया। शिकायत के अनुसार 15 नवंबर 2024 को संदीप, मनोज और उनके साथ सीमा निवासी ढाडेकी थाना लक्सर हरिद्वार, सुमन तथा समर पीड़ित के घर पहुंचीं।
आरोप है कि नौकरी लगवाने के नाम पर आरोपियों ने अलग-अलग किस्तों में नकद और फोन-पे के माध्यम से कुल 15 लाख रुपये ले लिए। काफी समय बीतने के बाद भी न तो नियुक्ति पत्र मिला और न ही रुपये वापस किए गए। आरोप है कि रकम मांगने पर आरोपी टालमटोल करते रहे। जांच अधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर लगाए गए आरोपों की सत्यता परखी जा रही है।