सहारनपुर। जिले बुखार का प्रकोप कम नहीं हो रहा है। शनिवार को जिले में दस नए डेंगू के केस मिले हैं। इन्हें मिलाकर अब तक 276 डेंगू के मामले मिल चुके हैं, जबकि बुखार से बीते डेढ़ माह में 60 अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।
बुखार जानलेवा साबित हो रहा है। जिला अस्पताल सहित निजी चिकित्सकों के यहां बुखार के मरीजों की भरमार है। आलम यह है कि एक बेड पर दो-दो मरीजों को भर्ती करना पड़ रहा है। शनिवार को नागल के गांव पहाड़पुर में बुखार से 22 वर्षीय सागर की मौत हो गई। अभी तक जिले में बुखार से 60 से अधिक मौत हो चुकी हैं। शनिवार को अभी तक सबसे ज्यादा डेंगू के दस नए केस मिले हैं। इनमें पीड़ित महानगर और देहात क्षेत्र के रहने वाले हैं। लगातार बढ़ रहे बुखार से लोगों में भी दहशत का माहौल है। जिला मलेरिया अधिकारी शिवांका गौड़ ने बताया कि दस नए डेंगू के केस मिले हैं। वहीं, जिले में अब 276 डेंगू के मामले सामने आ चुके हैं।