सहारनपुर में मंडलायुक्त एमपी अग्रवाल ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि भ्रूण परीक्षण केन्द्रों की औचक निरीक्षण कर नियम विपरीत कार्य करने वाले केन्द्रों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएं।
निर्माण कार्यों में लगी एजेंसियों को भी निर्देश दिए कि हर स्थिति में अधूरे कार्यों को समय से पूरा कर लें, इसके बाद समय वृद्धि नहीं दी जाएगी। निर्धारित समय पर कार्य पूरा ना करने वाली निर्माण एजेंसियों को काली सूची में डाला जाएगा।
मंडलायुक्त ने बुधवार को सर्किट हाउस सभागार में मंडल के विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान कई निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परिवार नियोजन को बढ़ावा देने के लिए जन जागृति अभियान चलाया जाएं।
स्वास्थ्य विभाग के कर्मी लोगों के बीच जाकर परिवार नियोजन के महत्व और इससे होने वाले फायदों की जानकारी आमजन को दें। उन्होंने कहा कि पर्यवेक्षण के कार्य में लगे स्वास्थ्य कर्मी भी आम जनता के बीच जाकर निरंतर सरकारी योजनाओं को अमलीजामा पहनाने के लिए पर्यवेक्षण कार्य में और अधिक तेजी लाएं।
उन्होंने मंडल के सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आशा का मानदेय और प्रसूताओं को मिलने वाली अनुग्रह राशि का भुगतान निश्चित समय अवधि के भीतर कराया जाना सुनिश्चित करें।
48 घंटों तक पीएचसी और सीएचसी में रहने वाली प्रसूताओं को समुचित भोजन और अन्य दूसरी व्यवस्थाएं कराएं। समाजवादी पेंशन योजना के अंतर्गत चयनित लाभार्थियों के खातों में पैसा नहीं पहुंचा है, उनकी जांच करा कर सही खातों को अपलोड कराएं।
ग्रामीण पेयजल योजना के अंतर्गत लगाए जाने वाले हैंडपंपों को निर्धारित समय अवधि के भीतर पूरा के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि प्राइमरी और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में नामांकित बच्चों की उपस्थिति में वृद्धि की दिशा में ठोस कार्रवाई करें।
जिलाधिकारी सहारनपुर शफकत कमाल ने कहा कि अधिकारी शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करें तथा जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करें।
जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर डीके सिंह ने बताया कि भ्रूण परीक्षण केंद्रों की जांच के लिए पूरे जनपद में सभी एसडीएम और एसीएमओ की संयुक्त टीम बनाकर औचक निरीक्षण कराये जा रहे हैं।
इस अवसर पर जिलाधिकारी शामली सुजीत कुमार समेत सभी जनपदों के मुख्य विकास अधिकारी, संयुक्त विकास आयुक्त आरपी उपाध्याय तथा सभी विभागों के मंडलीय विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।