पापुलर की लकड़ी से लदी ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर से कार सवार की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा घायल हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम बिलासपुर जिला यमुनानगर हरियाणा निवासी 50 वर्षीय दीपक चंद बंसल अपने बेटे शिवम के साथ ऑल्टो कार से हरिद्वार जा रहे थे। कार (नंबर एचआर 71 बी 1844) को दीपक चला रहा थे।
जैसे ही ये लोग गागलहेड़ी-भगवानपुर लिंक मार्ग स्थित ग्राम बुड्ढाखेड़ा के पास पहुंचे तो सामने से आ रही पापुलर की लकड़ी से लदी ट्रैक्टर ट्राली से कार की जबरदस्त भिड़ंत हो गई, जिससे दीपक बंसल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि पास की सीट पर बैठा उनका बेटा शिवम घायल हो गया।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में ले लिया। घायल शिवम को भी उपचार के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया।
बता दें कि लकड़ी से भरी ट्रैक्टर ट्राली लगातार हादसों की वजह बन रही हैं। इसके बावजूद पुलिस ट्रैक्टर ट्रालियों के खिलाफ कोई कार्रवाई अमल में नहीं ला रही है। ग्रामीणों ने मौत बन कर सड़कों पर दौड़ रहे ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
हिंडन में गिरा गुड़ से लदा ट्रक
कोहरा छाया होने के कारण गुड़ से लदा ट्रक हिंडन नदी में पलट गया। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने चालक और क्लीनर को ट्रक के आगे वाला शीशा तोड़ कर किसी तरह बाहर निकाला। उधर, एक अनुमान के मुताबिक कई लाख रुपये कीमत का गुड़ पानी में भीग कर बर्बाद हो गया।
शनिवार की सुबह ट्रक देवबंद क्षेत्र के कोल्हूओं से गुड़ लादकर चंदेनाकोली वाया भगवानपुर के रास्ते हरियाणा के लिए चला था। सुबह छह बजे ट्रक जब भगवानपुर स्थित हिंडन नदी पर बने अस्थायी पुल से गुजर रहा था, तो कोहरा अधिक होने के कारण ड्राइवर अचानक ट्रक से नियंत्रण खो बैठा।
ट्रक हिंडन नदी में पलट गया। पानी में कुछ गिरने की आवाज सुनकर वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने शोर मचा दिया। इससे वहां काफी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने चालक और क्लीनर को बमुश्किल बाहर निकाला। रुड़की निवासी चालक नजर मोहम्मद ने बताया की वह देवबंद से माल लेकर हरियाणा जा रहा था।