बेहट। शाकंभरी देवी रोड पर गांव चुहड़पुर कलां के पास स्विफ्ट कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार गांव जसमोर निवासी गुलफाम (36) व उनके तीन साल के बेटे फरहान की मौत हो गई। उनके साथ बाइक पर सवार इन्हीं के गांव के नौशाद (32) गंभीर रूप से घायल हो गए। उसे सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
हादसा शुक्रवार रात पौने आठ बजे हुआ। गुलफाम अपने बेटे फरहान के साथ बाइक पर किसी काम से बेहट आया था। वापस लौटते समय उन्हें नौशाद मिल गया और वह भी उनके साथ बाइक पर बैठ लिया। गांव चुहड़पुर कलां के पास सामने से आ रही स्विफ्ट कार उनकी बाइक को टक्कर मारकर सड़क किनारे खाई में उतर गई।
हादसे में बाइक पर सवार गुलफाम व उसके बेटे फरहान की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि नौशाद गंभीर रूप से घायल हो गया। किसी ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मृतकों के शव व घायल नौशाद को एंबुलेंस से सीएचसी लेकर पहुंची।