कैलाशपुर बिजली घर पर नारेबाजी करते भाकियू कार्यकर्ता
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर, गागलहेड़ी। कैलाशपुर बिजलीघर पर तैनात एसडीओ की कार्यप्रणाली से नाराज भाकियू टिकैत गुट के कार्यकर्ताओं ने घेराव करते हुए नारेबाजी की। एसडीओ द्वारा किसी तरह प्रदर्शनकारियों को समझा बुझाकर शांत किया गया।
बृहस्पतिवार को भाकियू कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए कैलाशपुर बिजलीघर पर पहुंचे। जहां उन्होंने एसडीओ की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए उनका घेराव किया। युवा जिला अध्यक्ष अजय कांबोज ने कहा कि एसडीओ सुरेंद्र भंडारी किसानों की समस्या को नजरअंदाज करते हैं। फोन पर संपर्क करने पर वह बहानेबाजी करते हैं। आरोप लगाया कि एसडीओ समय से अपनी ड्यूटी पर भी नहीं आते और हर रोज बाहर फिल्ड या मीटिंग में होने का बहाना बना देते हैं। ऐसे अधिकारी को किसान यूनियन बर्दास्त नहीं करेगी।
किसानों के बीच पहुंचे एसडीओ ने भविष्य में पूर्ण सहयोग की बात कहते हुए प्रदर्शनकारियों को समझा बुझाकर शांत किया। घेराव करने वालों में चौधरी जिले सिंह, पश्चिम प्रदेश महासचिव सोनू चौधरी, मंडल महासचिव डा राजबीर सिंह, तहसील अध्यक्ष अनूप सिंह, जिला मीडिया प्रभारी गौरव यादव, नरेश यादव, वाजिद खान, विनोद, सागर, अरविंद, अनुज कुमार, राजकुमार शामिल रहे।
उधर एसडीओ सुरेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि एक दो किसानों की विद्युत लाइन की समस्या थी, उसे दिखवा लिया जाएगा। सभी आरोप निराधार है।